बेटी के जन्म पर परिवार ने मनाया भव्य उत्सव, बैंड-बाजे के साथ घर पहुंची नवजात
उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में बेटी के जन्म की खुशी में एक परिवार द्वारा किया गया भव्य स्वागत चर्चा का विषय बना हुआ है...
हमीरपुर। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में बेटी के जन्म की खुशी में एक परिवार द्वारा किया गया भव्य स्वागत चर्चा का विषय बना हुआ है। मौदहा कस्बे के मराठीपुरा मोहल्ले में नवजात बेटी के स्वागत के लिए परिवार ने बैंड-बाजे, डीजे, ढोल-नगाड़ों और फूलों से सजे कारों के काफिले के साथ शानदार आयोजन किया।
जानकारी के अनुसार, कस्बे के निवासी राम जी, जो इलेक्ट्रॉनिक प्रतिष्ठान संचालित करते हैं, के घर 2 मई को पहली संतान के रूप में बेटी का जन्म हुआ। बेटी के जन्म की खबर मिलते ही परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई और स्वागत की तैयारियां शुरू कर दी गईं।
अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद नवजात बच्ची ‘वमिका’ और उसकी मां नंदिनी को विशेष रूप से सजाए गए कारों के काफिले के साथ घर लाया गया। इस दौरान डीजे और ढोल-नगाड़ों की धुन पर परिवार और रिश्तेदारों ने जमकर खुशी मनाई।
घर पहुंचने पर बच्ची की दादी ने कुमकुम का तिलक लगाकर आरती उतारी और गृह प्रवेश से पहले नवजात के पदचिह्न घर के मुख्य द्वार पर अंकित करवाए। पूरे आयोजन में मोहल्ले के लोग भी शामिल हुए और परिवार के इस कदम की सराहना की।
परिवार का कहना है कि आज की बेटियां किसी भी क्षेत्र में बेटों से कम नहीं हैं। उन्होंने कहा कि बेटियां परिवार के प्रति अधिक प्रेम और संवेदनशीलता रखती हैं, इसलिए बेटी का जन्म उनके लिए गर्व और खुशी का विषय है।
बच्ची की दादी ने भावुक होकर कहा कि उनके घर में “माता लक्ष्मी” का आगमन हुआ है और बेटी के आने से परिवार की खुशियां और समृद्धि बढ़ गई है।
परिवार का यह अनूठा स्वागत समारोह समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच और सम्मान का संदेश दे रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
