नवभर्ती रिक्रूट आरक्षियों को एसपी कार्यालय का कराया भ्रमण
पुलिस विभाग के नवभर्ती रिक्रूट आरक्षियों को व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कार्यालय का भ्रमण कराया गया...
चित्रकूट। पुलिस विभाग के नवभर्ती रिक्रूट आरक्षियों को व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कार्यालय का भ्रमण कराया गया। इस भ्रमण कार्यक्रम में रिक्रूट आरक्षियों के बैच के प्रशिक्षु आरक्षियों ने भाग लिया। भ्रमण के दौरान प्रशिक्षुओं को पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं वाचक कार्यालय, अपर पुलिस अधीक्षक कार्यालय, प्रधान लिपिक कार्यालय, रिकॉर्ड रूम, मीडिया सेल, साइबर सेल तथा प्रशासनिक अनुभागों का विस्तृत परिचय दिया गया। पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने स्वयं रिक्रूट आरक्षियों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिसिंग की बुनियाद क्षेत्रीय ज्ञान, अनुशासन तथा जनता के प्रति संवेदनशीलता पर टिकी है। इस प्रकार के भ्रमण कार्यक्रमों से प्रशिक्षुओं को वास्तविक कार्य प्रणाली समझने में मदद मिलती है और वे भविष्य में बेहतर पुलिस अधिकारी बन सकेंगे।”भ्रमण के दौरान रिक्रूट आरक्षियों को कार्यालय में आने वाली शिकायतों के निस्तारण, एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया, डायरी प्रबंधन तथा आधुनिक तकनीकी उपकरणों के उपयोग के बारे में भी जानकारी दी गई। प्रशिक्षुओं ने उत्साहपूर्वक सवाल पूछे और अधिकारियों ने उनके सभी प्रश्नों का संतोषजनक उत्तर दिया। यह भ्रमण रिक्रूट आरक्षियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का हिस्सा था। जिसके तहत उन्हें थाना, कोतवाली, ट्रैफिक विंग तथा अन्य इकाइयों का भी भ्रमण कराया जाएगा। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक पीयूषकान्त राय, क्षेत्राधिकारी नगर सत्येन्द्र सिंह, प्रभारी महिला सहायता प्रकोष्ठ निरीक्षक जय प्रकाश उपाध्याय, वाचक पुलिस अधीक्षक निरीक्षक राजीव कुमार सिंह, पीआरओ प्रदीप पाल व अन्य अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
