एडीएम नमामि गंगे ने ग्राम चौपाल में सुनी समस्याएं
अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे स्वप्निल यादव की अध्यक्षता में ग्राम पंचायत लौढ़ियामाफी ब्लाक मानिकपुर में जन चौपाल का आयोजन किया गया...
कहा कि एक सप्ताह के अंदर हटाएं चारागाह की जमीन से अतिक्रमण
चित्रकूट। अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे स्वप्निल यादव की अध्यक्षता में ग्राम पंचायत लौढ़ियामाफी ब्लाक मानिकपुर में जन चौपाल का आयोजन किया गया। जिसमें ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रामेश्वर राजपूत, सचिव मनीष कुमार, सहायक विकास अधिकारी, सहायक पंचायत अधिकारी एवं कृषि विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। ग्राम चौपाल में ग्रामवासियों द्वारा अवगत कराया गया कि सामुदायिक शौचालय का संचालन सुचारु रूप से नहीं किया जाता है। जिस पर सचिव द्वारा अवगत कराया गया कि वर्तमान में किसी स्वयं सहायता समूह का अनुबंध नहीं होने के कारण सामुदायिक शौचालय का संचालन नहीं हो पा रहा है। इस पर एक सप्ताह के अंदर सुचारू रूप से संचालित कराए जाने के निर्देश दिए गए। ग्रामवासियों द्वारा उचित राशन की दुकान के संचालक की मृत्यु हो जाने के कारण ग्राम पंचायत लौढ़ियामाफी की दुकान का सम्बन्धीकरण ग्राम पंचायत उड़की माफी से होने की समस्या बताई गई। ग्राम सचिव ने अवगत कराया कि ग्राम पंचायत की बैठक का एजेंडा तैयार कर एक सप्ताह के अंदर कोटेदार के चयन की प्रक्रिया संपादित कर ली जाएगी। मियादीन पुत्र मुन्ना लाल द्वारा हैंडपंप मरम्मत कराए जाने की मांग की गई। जिस पर सचिव को दो दिवस के अंदर समस्या का समाधान कर अवगत कराए जाने के निर्देश दिए गए। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि द्वारा अवगत कराया गया कि जल जीवन मिशन के द्वारा नियमित जलापूर्ति की जाती है। जल निगम के कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि ग्रीष्म ऋतु को देखते हुए जल आपूर्ति से संबंधित किसी भी समस्या का तत्काल समाधान कराया जाए। डीएम के निर्देश के क्रम में चारागाह की भूमि का चिन्हांकन कर उसे गौशाला के लिए प्रयुक्त होने वाले हरे चारे की बुवाई के लिए उपयोग में लाया जाए। इस पर संबंधित लेखपाल द्वारा अवगत कराया गया कि ग्राम में दो गाटे लगभग 1.175 हैक्टेयर चारागाह के लिए सुरक्षित किए गए हैं। जिसमें वर्तमान में एक पर अतिक्रमण किया गया है। इस संबंध में लेखपाल को निर्देशित किया गया कि चारागाह की भूमि से एक सप्ताह के अंदर अतिक्रमण हटाते हुए हरे चारे की बुवाई प्रारंभ कराई जाए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
