बांदा : 10 लाख की मांग पर महिला को जलाकर हत्या का आरोप, पति समेत सात पर केस दर्ज

शहर कोतवाली क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में आग से जलकर मौत हो गई। मायके पक्ष ने ससुरालियों पर 10 लाख रुपये की मांग पूरी...

Apr 1, 2026 - 16:39
Apr 1, 2026 - 16:51
 0  111
बांदा : 10 लाख की मांग पर महिला को जलाकर हत्या का आरोप, पति समेत सात पर केस दर्ज
AI Generated Images - Gemini AI

आग में झुलसे पति और मासूम बेटी अस्पताल में भर्ती, पुलिस ने चार आरोपियों को हिरासत में लिया

बांदा। शहर कोतवाली क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में आग से जलकर मौत हो गई। मायके पक्ष ने ससुरालियों पर 10 लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर महिला को जलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पति समेत सात लोगों के खिलाफ मारपीट, उत्पीड़न और हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना शहर के अलीगंज मोहल्ला स्थित ईदगाह रोड की है, जहां मंगलवार सुबह करीब छह बजे सना सैफीन (32) अपने पति और बच्चों के साथ कमरे में थी। इसी दौरान आग लगने से सना की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। आग की चपेट में आने से उसके पति मोहम्मद जमील उर्फ बबलू (38) और पांच वर्षीय बेटी अलीफा भी झुलस गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही आग बुझ चुकी थी। पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं।

वहीं, घायल पति का कहना है कि कमरे में लगे एसी में शॉर्ट सर्किट के कारण ब्लास्ट हुआ, जिससे आग लग गई। उसने दावा किया कि पत्नी को बचाने के दौरान वह और उसकी बेटी झुलस गए।

दूसरी ओर, मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के कुंजरहटी मोहल्ला निवासी मृतका के पिता मुश्ताक राईन ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी की शादी वर्ष 2016 में हुई थी और शादी के बाद से ही उसे प्रताड़ित किया जाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि दामाद को कारोबार के लिए पहले भी दो बार में 10 लाख रुपये दिए जा चुके हैं, लेकिन दो माह पूर्व फिर से 10 लाख रुपये की मांग की जा रही थी। मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने उनकी बेटी को जलाकर मार डाला।

पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति जमील उर्फ बबलू, ससुर रफीक, सास फरीदा, ननद साजिया, साजिया के पति असलम, देवर इमरान उर्फ शानू और इरफान उर्फ रीनू के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पति, सास-ससुर और ननद को हिरासत में ले लिया है। पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

सौजन्य से : अमर उजाला

What's Your Reaction?

Like Like 1
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0