गुणवत्तापूर्ण पौधों की उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित की जाए : प्रमुख सचिव
पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग उत्तर प्रदेश की प्रमुख सचिव वी० हेकाली झिमोमी अपने दो दिवसीय दौरे के तहत शुक्रवार को जनपद आईं...
जनपद के दो दिवसीय दौरें पर आईं वन एवं पर्यावरण विभाग की प्रमुख सचिव
चित्रकूट। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग उत्तर प्रदेश की प्रमुख सचिव वी० हेकाली झिमोमी अपने दो दिवसीय दौरे के तहत शुक्रवार को जनपद आईं। इस महत्वपूर्ण दौरे के पहले दिन उन्होंने पौधरोपण अभियान 2026 की तैयारियों की गहन समीक्षा की तथा विभागीय गतिविधियों का स्थलीय निरीक्षण भी किया।
प्रमुख सचिव ने पौधरोपण अभियान 2026 की तैयारियों के सम्बन्ध में समीक्षा बैठक की। जिसमें आगामी पौधरोपण अभियान की रूपरेखा, लक्ष्य निर्धारण, पौधों की उपलब्धता, गड्ढों की खुदाई, स्थल चयन एवं विभागीय समन्वय जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर गहन मंथन हुआ। इस दौरान प्रमुख सचिव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पौधरोपण अभियान को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं तथा गुणवत्तापूर्ण पौधों की उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित की जाए। कहा कि पौधरोपण मात्र औपचारिकता न होकर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सशक्त कदम है, अतः रोपित पौधों की सुरक्षा एवं देखभाल पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। अधिकारियों को निर्देश दिए कि पौधरोपण अभियान में जनसहभागिता सुनिश्चित की जाए तथा स्कूली बच्चों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं ग्राम पंचायतों को भी इस अभियान से जोड़ा जाए।
इसके बाद पश्चात प्रमुख सचिव ने जनपद स्थित नर्सरी एवं अग्रिम मृदा कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पौधशालाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया तथा तैयार किए जा रहे पौधों की गुणवत्ता का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने नर्सरी में विभिन्न प्रजातियों के पौधों की उपलब्धता की जानकारी प्राप्त की तथा अधिकारियों से पौधों की संख्या, उनकी देखभाल एवं वितरण योजना के संबंध में भी विस्तृत जानकारी ली। अग्रिम मृदा कार्य का निरीक्षण करते हुए उन्होंने कार्य की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त किया तथा कुछ बिंदुओं पर आवश्यक सुधार के निर्देश भी दिए। स्थानीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे नर्सरी में स्थानीय पर्यावरण के अनुकूल पौधों की प्रजातियों को प्राथमिकता दें ताकि रोपण के पश्चात पौधों के जीवित रहने की दर अधिक हो सके।
इसके अलावा प्रमुख सचिव ने अधिकारियों से विभागीय कार्यों की प्रगति की बिंदुवार जानकारी ली तथा स्पष्ट किया कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करते हुए जमीनी स्तर पर बेहतर परिणाम सुनिश्चित किए जाएं। इस मौके पर प्रभागीय वनाधिकारी प्रत्यूष कुमार कटियार, उप प्रभागीय वनाधिकारी राजीव रंजन सिंह, डीपीओ गोपाल कृष्ण गुप्ता, आईटी प्रभारी दानिश वसीम आदि मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
