पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारियों का डीएम और एसपी ने किया निरीक्षण
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित होने वाली आगामी आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की भर्ती परीक्षा...
नकलविहीन, निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा कराने के दिए निर्देश, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
कुरारा/हमीरपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित होने वाली आगामी आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की भर्ती परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष, नकलविहीन एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक हमीरपुर ने राजाराम इंटर कॉलेज झलोखर, कुरारा स्थित परीक्षा केंद्र का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों के प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता एवं उनकी कार्यशीलता, स्ट्रांग रूम, कंट्रोल रूम, कक्ष निरीक्षकों की तैनाती, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, शौचालय तथा अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया। इसके साथ ही परीक्षा केंद्र परिसर एवं उसके आसपास की सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्र व्यवस्थापकों तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि भर्ती परीक्षा को पूर्ण निष्पक्षता, पारदर्शिता और शासन की मंशा के अनुरूप संपन्न कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए तथा परीक्षा की शुचिता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
अधिकारियों ने कहा कि नकल, अनुचित साधनों के प्रयोग अथवा परीक्षा की पवित्रता को प्रभावित करने वाले किसी भी कृत्य के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा केंद्रों पर निगरानी व्यवस्था को मजबूत रखने और प्रत्येक गतिविधि पर सतर्क दृष्टि बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, आसपास संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने तथा अभ्यर्थियों की निर्धारित मानकों के अनुरूप सघन जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी अभ्यर्थी को इलेक्ट्रॉनिक अथवा अन्य प्रतिबंधित सामग्री परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
इसके अलावा अधिकारियों ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा परीक्षा केंद्र प्रबंधन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराई जा सके।
जनपद प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा भर्ती परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
रिपोर्ट : अखिलेश सिंह गौर, (कुरारा) हमीरपुर...
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
