बांदा जेल में बड़ी लापरवाही: रिहाई वाले दिन कैदी पहुंचा गहरे कोमा में, अस्पताल में छोड़कर पुलिसकर्मी फरार

बांदा जिला कारागार में बंद एक विचाराधीन कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में हालत बिगड़ गई है...

Jun 1, 2026 - 14:30
Jun 1, 2026 - 14:33
 0  85
बांदा जेल में बड़ी लापरवाही: रिहाई वाले दिन कैदी पहुंचा गहरे कोमा में, अस्पताल में छोड़कर पुलिसकर्मी फरार

रिपोर्ट : सचिन चतुर्वेदी...

बांदा जिला कारागार में बंद एक विचाराधीन कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में हालत बिगड़ गई है। धारा 376 और पॉक्सो एक्ट के तहत जेल में बंद कैदी, जिसे आज ही जमानत पर रिहा होना था, फिलहाल रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज के एडवांस आईसीयू के वेंटिलेटर में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। मामले में पुलिसकर्मियों के अस्पताल से भागने और जिला अस्पताल के डॉक्टर द्वारा इलाज से पल्ला झाड़ने के बाद पूरा प्रकरण बेहद संदिग्ध हो गया है।

रिहाई के दिन बिगड़ी तबीयत, गहरे कोमा में मरीज

जानकारी के अनुसार, मरीज का नाम नीतीश पाल (मेडिकल पर्चे में नितेश, उम्र 25 वर्ष) है। बताया जा रहा है कि उसे न्यायालय से जमानत मिल चुकी थी और सोमवार को उसकी रिहाई होनी थी। लेकिन सुबह अचानक उसे गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया। मेडिकल कॉलेज के कैजुअल्टी रिकॉर्ड के मुताबिक, जेल में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने बताया कि कैदी को दौरे पड़े और वह जमीन पर गिर गया था।

​सुबह 9:47 बजे जब मरीज मेडिकल कॉलेज पहुंचा, तब वह पिछले ढाई घंटे से अचेत था। उसका कोमा स्केल (GCS - E1V1M2) न्यूनतम स्तर पर था, जो दिमाग के गहरे सदमे (डीप कोमा) को दर्शाता है। उसका ब्लड शुगर (318 mg/dl) और ब्लड प्रेशर (152/114) खतरनाक स्तर पर था। साथ ही मुंह से गुलाबी रंग का झाग आ रहा था, जो फेफड़ों में तरल पदार्थ जमा होने का साफ संकेत है।

​मेडिकल पर्चे और दावों में भारी विरोधाभास

इस पूरे मामले में स्वास्थ्य विभाग और जेल पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। प्राप्त साक्ष्यों और दावों के बीच बड़े विरोधाभास सामने आए हैं:

डॉक्टर का इनकार बनाम मेडिकल रिकॉर्ड: जिला पुरुष चिकित्सालय के डिस्चार्ज पर्चे पर सुबह 7:51 बजे मरीज के भर्ती होने और डॉ. हृदेश के अंडर में इलाज चलने का जिक्र है। पर्चे पर बकायदा दौरे की डायग्नोसिस और 'Phenytoin' व 'Diazepam' जैसी जीवन रक्षक दवाइयां दिए जाने का उल्लेख है। लेकिन, डिस्चार्ज पर्चे के अनुसार डॉ. हृदेश पटेल ने इस मरीज को देखने या इलाज करने से साफ इनकार किया है। वहीं जब मरीज को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, तब डॉ. आकाश ने मरीज को देखा था, और थोड़े ही उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया था।

अस्पताल में छोड़कर भागे पुलिसकर्मी: रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज के पर्चे पर स्पष्ट दर्ज है कि कैदी को पुलिसकर्मी राकेश गोंड और आशीष पांडे मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे थे। आरोप है कि सुबह 11:20 बजे मरीज को गंभीर हालत में AICU में भर्ती कराने के बाद ये दोनों पुलिसकर्मी वहां से रहस्यमय तरीके से गायब हो गए।

खड़े हो रहे हैं गंभीर सवाल

ठीक रिहाई के दिन एक कैदी का अचानक गहरे कोमा में चले जाना, साथ आए पुलिसकर्मियों का अस्पताल से भागना और मरीज के अधिवक्ता (वरिष्ठ) इंद्र करण सिंह व उनके जूनियर रोहित सिंह गौतम एवं मरीज के पिता शिव भवन, के अनुसार जेल प्रशासन पर लगाए गए गंभीर लापरवाही और षडयंत्र के आरोप, ये सभी तथ्य किसी बड़ी साजिश या भारी प्रशासनिक लापरवाही की ओर इशारा कर रहे हैं।

​फिलहाल मरीज की हालत बेहद नाजुक है। सिर के सीटी स्कैन और अन्य जांच रिपोर्ट आने के बाद ही कोमा में जाने की असली वजह, क्या यह केवल मेडिकल इमरजेंसी है या कोई बाहरी चोट, साफ हो सकेगी। मामले में जेल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की भूमिका की उच्च स्तरीय जांच की दरकार है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0