त्योहार और शादी-बारात सीजन में 5 लाख करोड़ का व्यापार होने की उम्मीद – भारतीय उद्योग व्यापार मंडल
आगामी समय त्योहारों और शादी-बारात का है। इस दौरान करोड़ों का व्यापार होता है और व्यापारी समाज जोर-शोर...

बांदा। आगामी समय त्योहारों और शादी-बारात का है। इस दौरान करोड़ों का व्यापार होता है और व्यापारी समाज जोर-शोर से तैयारी में जुटा है। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए व्यापारियों द्वारा विशेष ऑफर्स और योजनाएं भी लाई जा रही हैं।
भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबूलाल गुप्ता (राजस्थान) द्वारा कराए गए सर्वे के अनुसार, इस बार त्योहारों के सीजन में व्यापारियों को करीब 5 लाख करोड़ रुपए का व्यापार होने की उम्मीद है। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा GST दरों में की गई कटौती से ग्राहकों में उत्साह है। छोटे व्यापारियों और सामान्य उपभोक्ताओं को इससे प्रत्यक्ष राहत मिलने की संभावना है। व्यापार मंडल ने इसके लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया है।
लेकिन, मंडल ने चिंता जताई कि विदेशी ई-कॉमर्स कंपनियां इस बाजार का लगभग 25% हिस्सा ले जाने की संभावना है, और यह प्रतिशत हर वर्ष तेजी से बढ़ रहा है। इसी पर रोक लगाने और स्थानीय व्यापार को बढ़ावा देने के लिए उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल ने ठोस कदम उठाने का निर्णय लिया है।
संगठन के संस्थापक, पूर्व सांसद श्याम बिहारी मिश्रा ने लगभग 25 वर्ष पूर्व ही “स्थानीय उत्पादन, स्थानीय व्यापार और स्थानीय पर्यटन” का नारा दिया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कई बार अपने भाषणों में स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने की अपील की है। इसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए संगठन ने स्थानीय व्यापार को मजबूत करने का बीड़ा उठाया है।
प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा, प्रदेश चेयरमैन महेंद्र जैन मयूर, प्रदेश महामंत्री डॉ. दिलीप सेठ, राजेंद्र गुप्ता एवं अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों ने निर्णय लिया है कि संगठन चरणबद्ध तरीके से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करेगा।
23 सितंबर 2025 से अभियान की शुरुआत
इस अभियान का शुभारंभ प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा द्वारा बांदा जनपद के बदौसा कस्बे के बाजार से किया जाएगा। संगठन पदाधिकारी बाजारों में जन-जागरण संबंधी स्टीकर दुकानों पर लगाएंगे। साथ ही जनप्रतिनिधियों से संपर्क कर विदेशी ऑनलाइन कंपनियों के बहिष्कार और स्वदेशी उत्पादों के उपयोग का समर्थन लिया जाएगा। इन संदेशों को सोशल मीडिया के जरिए अधिक से अधिक साझा करने की अपील भी की जाएगी।
प्रदेश पदाधिकारी चारु चंद्र खरे एवं विष्णु गुप्ता ने कहा कि विदेशी ऑनलाइन कंपनियां न केवल स्थानीय व्यापार को प्रभावित कर रही हैं, बल्कि दीर्घकाल में समाज और अर्थव्यवस्था पर भी नकारात्मक असर डाल रही हैं। सस्ते ऑफर्स के लालच में पड़ने के बजाय लोगों को अपने आसपास के व्यापार को बढ़ावा देना चाहिए।
जिला अध्यक्ष सत्य प्रकाश सर्राफ और जिला महामंत्री कमलेश कुमार गुप्ता ने कहा कि संगठन इस अभियान को व्यापक स्तर पर चलाएगा, जिससे स्थानीय कारोबार को नया जीवन मिल सके।
आज की प्रेस वार्ता में प्रदेश मंत्री राधेश्याम मसुरहा, अशोक कुमार गुप्ता, शिवपूजन गुप्ता, गोपाल अवस्थी, संतोष अनशनकारी, राकेश त्रिपाठी, राकेश राठौर, संजीव सेठ, प्रेम गुप्ता, प्रमोद गुप्ता, सुधीर तिवारी, कमल गुप्ता, राजू तिवारी, निखिल सक्सेना सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?






