भीषण गर्मी का केंद्र बना बांदा, 45.4°C के साथ एशिया में सबसे ज्यादा तापमान दर्ज
उत्तर प्रदेश का बांदा इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है। मौसम विभाग के अनुसार जिले में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया...
IMD का अलर्ट—अगले तीन दिन और बढ़ेगा पारा, महीने के अंत तक 47-48°C तक पहुंचने की संभावना
बांदा। उत्तर प्रदेश का बांदा इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है। मौसम विभाग के अनुसार जिले में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन में न सिर्फ देश बल्कि एशिया में भी सबसे अधिक माना जा रहा है। तेज धूप और लू के थपेड़ों ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है।
प्रदेश के अधिकांश जिलों में गर्मी का असर साफ दिखाई दे रहा है। 16 से अधिक जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। प्रयागराज, वाराणसी और झांसी समेत करीब 50 शहरों में झुलसाने वाली गर्मी के कारण लोग सुबह से ही घरों में रहने को मजबूर हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक बांदा समेत पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र में स्थिति और गंभीर हो सकती है। अगले तीन दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है। महीने के अंत तक पारा 47 से 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। हालांकि पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, लेकिन इससे बारिश की उम्मीद कम है। बादलों की आवाजाही से उमस बढ़ने की आशंका जताई गई है।
गर्मी के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए कई जिलों में स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। वाराणसी और प्रयागराज में कक्षा एक से आठ तक की कक्षाएं सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक संचालित की जा रही हैं। प्रशासन ने लोगों को दोपहर में घर से बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।
इधर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में आंधी और हल्की बारिश से आंशिक राहत मिली। नोएडा, गाजियाबाद और मेरठ में तेज हवा के साथ बारिश हुई, हालांकि मुरादाबाद में तूफान के चलते दीवार गिरने से दंपति की मौत होने की सूचना है।
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि आने वाले दिन और चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है।
लेख में दी गई ये जानकारी सामान्य स्रोतों से इकट्ठा की गई है. इसकी प्रामाणिकता का दावा या पुष्टि बुंदेलखंड न्यूज़ नहीं करता।
सोर्स : ज़ी मीडिया
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
