मध्य प्रदेश: उत्तरी हवाओं ने बढ़ाई ठंड, दो दिनों में 10 डिग्री तक गिर सकता है पारा
बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान सितरंग बांग्लादेश के तट से टकराने के बाद कमजोर पड़ गया..

भोपाल, बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान सितरंग बांग्लादेश के तट से टकराने के बाद कमजोर पड़ गया है। इसका मध्यप्रदेश के मौसम पर कोई असर नहीं दिखा। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक उत्तर भारत की तरफ से आ रही सर्द हवाओं के कारण तापमान में गिरावट होने लगी है। बीती रात प्रदेश में सबसे कम 12 डिग्री सेल्सियस रायसेन एवं छिंदवाड़ा में दर्ज किया गया। राजधानी में रात का तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो इस सीजन का सबसे कम तापमान रहा। अभी दो तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में और गिरावट की संभावना है और यह 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
यह भी पढ़ें - आईआईटी कानपुर परिसर में तेंदुए की तलाश में लगी है तीन टीमें
राजधानी स्थित मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक चक्रवाती तूफान सितरंग बांग्लादेश के तट से टकराने के बाद कमजोर पड़ गया है। वर्तमान में वह असम के आसपास कम दबाव के क्षेत्र के रूप में बना हुआ है। उधर उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में पिछले दिनों हुई बर्फबारी से ठंड बढ़ने लगी है। हवाओं का रुख उत्तरी होने के कारण मध्यप्रदेश में रात के तापमान में गिरावट होने लगी है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहने से आसमान साफ बना हुआ है। हवाओं का रुख भी उत्तरी बना रहने के कारण सर्दी बढ़ने लगी है। अभी दो–तीन दिन तक तापमान में गिरावट होने के आसार हैं। 30 अक्टूबर को एक पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत में पहुंचने की संभावना है। उसके प्रभाव से हवाओं का रुख बदलने से रात के तापमान में कुछ बढ़ोतरी होने लगेगी।
यह भी पढ़ें - मप्र बनेगा मेडिकल और इंजीनियरिंग को हिंदी में पढ़ाने वाला पहला राज्य
यह भी पढ़ें - पर्यटन विभाग कराएगा नर्मदा परिक्रमा, जबलपुर से होगी शुरुआत
हिस
What's Your Reaction?






