24 घंटे में केन नदी का जलस्तर दो मीटर बढ़ा, खतरे के निशान के करीब

केन नदी का जलस्तर घटने के बाद गुरुवार रात से एक बार फिर बढ़ना शुरू हो गया है...

Jul 12, 2025 - 11:38
Jul 12, 2025 - 11:45
 0  100
24 घंटे में केन नदी का जलस्तर दो मीटर बढ़ा, खतरे के निशान के करीब

पैलानी क्षेत्र के कई गांव जलमग्न होने की कगार पर, प्रशासन अलर्ट मोड में

बांदा। केन नदी का जलस्तर घटने के बाद गुरुवार रात से एक बार फिर बढ़ना शुरू हो गया है। पिछले 24 घंटे में जलस्तर में करीब दो मीटर की वृद्धि दर्ज की गई है। शनिवार तक केन के जलस्तर के खतरे के निशान के करीब पहुंचने की संभावना है। वहीं, यमुना नदी का जलस्तर भी तेज़ी से बढ़ रहा है, जिससे पैलानी क्षेत्र के लगभग 20 गांवों में बाढ़ का खतरा फिर मंडराने लगा है।

चंद्रावल और केन नदी में उफान, संपर्क मार्ग बाधित
चंद्रावल नदी के गौरीकला-अमारा और केन नदी के तुर्री-सिंधनकला रपटों पर पानी एक बार फिर उफान पर है, जिससे इन गांवों का आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में निरीक्षण और राहत कार्य शुरू कर दिए हैं। तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और लोगों को लाइफ जैकेट वितरित कर सुरक्षा संबंधी हिदायतें दीं।

यह भी पढ़े : फतेहपुर : नगदी व जेवरात लेकर पांच बच्चों की मां दो बच्चों को साथ लेकर प्रेमी के संग हुई फुर्र

जल आयोग ने दी चेतावनी, जलस्तर लगातार बढ़ रहा
केंद्रीय जल आयोग के मुताबिक शुक्रवार शाम चार बजे भूरागढ़ में केन नदी का जलस्तर 99.88 मीटर पहुंच गया, जो सुबह 99.55 मीटर था। खतरे का निशान 104 मीटर है। वहीं, यमुना नदी का जलस्तर भी 94.60 मीटर तक पहुंच चुका है। दोनों नदियों का स्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे सदर तहसील के अछरौड़, कनवारा समेत करीब दस गांव और पैलानी क्षेत्र के 20 गांवों की ओर पानी तेजी से बढ़ रहा है।

तहसीलदार ने संभाली कमान, नाविकों को दिए दिशा-निर्देश
पैलानी तहसीलदार राधेश्याम सिंह ने शुक्रवार सुबह सिंधनकला-तुर्री और गौरीकला-अमारा मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने दो नाविकों को सपोर्ट लाइफ जैकेट सौंपी और बरसात के दौरान नाव संचालन से परहेज़ करने की सलाह दी। नांदादेव-पड़ोहरा मार्ग पर भी चंद्रावल नदी के जलस्तर के बढ़ने से स्थिति गंभीर बनी हुई है। तहसीलदार ने नाविकों से संवाद कर सुरक्षा उपकरण जैसे जैकेट और ट्यूब भी प्रदान किए।

सख्त हिदायत : बिना जैकेट के नाव में सफर न करें
नाविकों व ग्रामीणों को निर्देशित किया गया है कि सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक ही नाव से आवागमन करें और बिना सपोर्ट लाइफ जैकेट के कोई भी नाव यात्रा न करे। बारिश के दौरान नाव चलाने पर आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी बढ़ जाता है। इस निरीक्षण में राजस्व निरीक्षक अखिलेश यादव, लेखपाल अमित सिंह पटेल, अमर तिवारी, सदाशिव शुक्ला, बासुदेव सिंह, अनिल गुप्ता, भान यादव सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़े : बाँदा : लगातार बारिश से केन और यमुना का जलस्तर बढ़ा, 20 गांवों का संपर्क टूटा

प्रशासन सतर्क, बाढ़ नियंत्रण के पुख्ता इंतज़ाम
जिला प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है। ADM राजेश कुमार के निर्देश पर टीमों को सक्रिय कर दिया गया है। ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है और आवश्यकतानुसार राहत सामग्री वितरित की जा रही है।

विशेष निर्देश
प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे नदी किनारे न जाएं और अफवाहों से बचें। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क करें।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0