पश्चिमी विक्षोभ से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश की संभावना
पछुआ हवाओं के चलने से मैदानी क्षेत्रों में भले ही सर्द हवाएं आ रही हों, लेकिन खिली धूप से दिन का मौसम सामान्य चल रहा है...

कानपुर। पछुआ हवाओं के चलने से मैदानी क्षेत्रों में भले ही सर्द हवाएं आ रही हों, लेकिन खिली धूप से दिन का मौसम सामान्य चल रहा है। हालांकि सुबह शाम की सर्दी बनी हुई है। मौसम विभाग का कहना है कि आगामी तीन दिन मौसम साफ रहेगा और 12 मार्च को एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। इससे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश की संभावना बढ़ गई है।
चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने शनिवार को बताया कि एक के बाद एक दो पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पश्चिम भारत और पश्चिमी हिमालय को प्रभावित करने की संभावना है। पहला 10 मार्च की रात से और दूसरा 12 मार्च की रात से।
यह भी पढ़े : अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल को मिली जेड प्लस सुरक्षा
निम्न दबाव की रेखा तेलंगाना से लेकर रायलसीमा और तमिलनाडु से गुजरते हुए कोमोरिन क्षेत्र तक जा रही है। एक अन्य ट्रफ रेखा उत्तरी ओडिशा से आंध्र प्रदेश के उत्तरी तट तक फैली हुई है। तेलंगाना और आसपास के इलाकों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। पिछले 24 घंटों के दौरान ओडिशा तट पर हल्की बारिश हुई और शेष देश में मौसम शुष्क रहा। 10 मार्च को जम्मू कश्मीर, लद्दाख, गिलगित बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और हिमाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होने की उम्मीद है।
11 से 14 मार्च के बीच जम्मू कश्मीर, लद्दाख, गिलगित बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और हिमाचल प्रदेश में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी संभव है। 11 से 14 मार्च के बीच उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी संभव है। 12 से 14 मार्च के बीच पंजाब के कुछ हिस्सों में और 13 और 14 मार्च को हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश संभव है। ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में हल्की बारिश संभव है।
यह भी पढ़े : यूपी के दो पूर्व मंत्रियों को फिर से एमएलसी बनायेगी भाजपा
उन्होंने बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 26.0 और न्यूनतम तापमान 11.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 73 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 42 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिम रही जिनकी औसत गति 4.5 किमी प्रति घंटा रही। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार कानपुर में अगले पांच दिनों मे आसमान साफ रहने के कारण वर्षा होने की कोई संभावना नहीं है।
हिन्दुस्थान समाचार
What's Your Reaction?






