
शाहिद की फ़िल्म कबीर सिंह ने बेतहाशा कामयाबी हासिल की
पहली छमाही में सलमान ख़ान, अजय देवगन और अक्षय कुमार जैसे बड़े सितारों की फ़िल्में रिलीज़ होने के बावजूद शाहिद कपूर टॉपर रहे। शाहिद की फ़िल्म कबीर सिंह ने बेतहाशा कामयाबी हासिल की। रिलीज़ के 22 दिनों में फ़िल्म 250 करोड़ का कलेक्शन कर चुकी है। शाहिद के करियर की यह सबसे बड़ी सफलता है।
कबीर सिंह ने फ़र्स्ट हाफ़ की टॉपर फ़िल्म बनने के लिए विक्की कौशल की उरी- द सर्जीकल स्ट्राइक को मात दी है, जिसने 245 करोड़ के आसपास कलेक्शन किया था। कबीर सिंह की तरह उरी भी 2019 की सरप्राइज हिट है। दोनों फ़िल्मों से किसी को उम्मीद नहीं थी कि इतना कलेक्शन करेंगी। तीसरे नंबर पर बॉलीवुड के सुल्तान सलमान ख़ान रहे, जिनकी ईद पर रिलीज़ हुई भारत ने 210 करोड़ के आसपास नेट कलेक्शन किया है।
अजय देवगन की टोटल धमाल लगभग 154 करोड़ का कलेक्शन करके चौथे स्थान पर रही। वहीं, अक्षय कुमार की केसरी लगभग 153 करोड़ कलेक्शन करके पहली छमाही में पांचवें स्थान पर रही है। लागत और ख़्रर्च के पैमाने पर देखें तो कुल 6 फ़िल्में पहली छमाही में सुपर हिट रहीं, जबकि एक फ़िल्म हिट रही।
वहीं 6 फ़िल्में औसत या इससे ऊपर घोषित की गयीं, जबकि 14 फ़िल्मों को फ्लॉप घोषित किया गया। इनमें से कलंक, एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा, सोनी चिड़िया, व्हाई चीट इंडिया और इंडियाज़ मोस्ट वांटेड की विफलताओं ने सभी को हैरान कर दिया। बड़ी स्टारकास्ट के बावजूद ये फ़िल्में दर्शक नहीं जुटा सकीं।
पहली छमाही में कुछ कम बजट की फ़िल्मों ने बॉक्स ऑफ़िस पर कमाल कर दिखाया और अप्रत्याशित रूप से सफल रहीं। इनमें आयुष्मान खुराना की अनुभव सिन्हा निर्देशित आर्टिकल 15 और विवेक अग्निहोत्री की ताशकंद फाइल्स शामिल हैं।
यह फ़िल्में स्लीपर हिट साबित हुईं। फ़र्स्ट हाफ़ में हॉलीवुड फ़िल्मों ने औसत प्रदर्शन किया। एवेंजर्स सीरीज़ की एडंगेम ने 365 करोड़ से अधिक कलेक्शन करके भारतीय बॉक्स ऑफ़िस पर रिकॉर्ड कायम किया। अलादीन और कैप्टन मार्वल हिट रहीं। वहीं, 5 फ़िल्मों को फ्लॉप घोषित किया गया।